प्रियंका का निर्देश, राजीव गांधी की पुण्य तिथि पर आज UP सरकार के खिलाफ सोशल मीडिया पर लड़ाई

लखनऊ। कोरोना वायरस के कारण लॉकडाउन बढ़ाए जाने के बाद प्रवासी कामगारों व श्रमिकों की मदद के मामले में कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय राजीव गांधी की पुण्य तिथि पर आज यानी 21 मई को प्रियंका गांधी ने कांग्रेस के सभी कार्यकर्ताओं तथा नेताओं को दोपहर में सोशल मीडिया पर योगी आदित्यनाथ सरकार के दमन का विरोध करने के साथ ही गरीबों व श्रमिकों की आवाज बुलंद करने का निर्देश दिया है।

कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव तथा उत्तर प्रदेश की प्रभारी प्रियंका गांधी वाड्रा ने बृहस्पतिवार को कांग्रेस के कार्यकर्ताओं के लिए संदेश जारी किया है। प्रियंका ने लिखा है कि साथियों, आपने योगी आदित्यनाथ सरकार का कोरोना महामारी से लड़ने का तरीका देखा। कांग्रेस पार्टी ने प्रवासी श्रमिकों के लिए बसों का इंतजाम किया तो प्रदेश सरकार ने उत्तर प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष को फर्जी मुकदमे में जेल भेज दिया। कोरोना आपदा काल में पूरा देश एकजुट होकर महामारी से लड़ रहा है, मगर यूपी सरकार श्रमिकों के लिए बस, ट्रेन टिकट, खाने और राशन का इंतजाम करने वालों को जेल में डाल रही है।

पूरी कांग्रेस पार्टी, समस्त अग्रिम संगठन व विभाग और सेल, फोरम इत्यादि व हमारा एक एक कार्यकर्ता पूरी ताकत से श्रमिकों की आवाज उठाएंगे और राज्य दमन का प्रतिरोध करेंगे। समस्त पीसीसी पदाधिकारियों, समस्त जिला व शहर अध्यक्षों, फ्रंटल, विभागों, सेल के अध्यक्ष/इंचार्ज को पूरी शिद्दत से इसकी तैयारी में लग जाना है और दोपहर 12 बजे तक पीसीसी कार्यालय व सोशल मीडिया विभाग को जिले के भागीदारों की सूची लिखित या फोन से उपलब्ध करा देनी है। हम सबको मिलकर इसे सफल बनाना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *