5 थानों से गुजरे, 11 को गोली मारी..पुलिस सोती रही:बदमाशों ने 40 मिनट में दो नेशनल हाईवे पर 25KM तक चलाईं गोलियां

संदिग्ध हमलावरों की तस्वीर जारीबिहार के बेगूसराय के बछवारा थाना क्षेत्र का नेशनल हाईवे-28 स्थित गोधना क्षेत्र। दिन- मंगलवार शाम 4 बजे। फायरिंग की आवाज आती है। निजी फाइनेंस कंपनी के कर्मचारी विशाल कुमार (26) हाईवे पर गिर जाते हैं। आसपास के लोग जब तक पहुंचते हैं, बाइक सवार हमलावर आगे बढ़ जाते हैं। इससे 10 कदम दूर फिर फायरिंग होती है। गोली लगती है- चंदन कुमार को। इनकी मौत हो जाती है।

यह सिलसिला 40 मिनट तक चलता है। नेशनल हाईवे 28 से 31 तक 25 किलोमीटर के बीच 5 जगह बाइक सवारों ने गोलियां बरसाईं। 11 लोगों को गोली लगी और एक की मौत हो गई। इसमें से 3 की हालत गंभीर है।

चार जगहों पर लोगों ने कहा-एक बदमाश बाइक चला रहा था तो पीछे बैठा दूसरा शख्स जिसे मन किया, गोली मारता रहा। वहीं, मल्हीपुर चौक पर पान की दुकान पर बैठे युवक ने कहा कि उसने देखा कि तीन बाइक से बदमाश आए थे। हालांकि बेगूसराय के एसपी योगेंद्र कुमार ने कहा कि गोली मारने वाले चार बदमाश थे और वे दो बाइक पर सवार थे।

वारदात के दूसरे पांच थानों की पुलिस पूरे दिन हाईवे पर मुस्तैद रही। वारदात के दिन यही पुलिसवाले अन्य किसी थाने को एक अलर्ट तक नहीं भेज पाए।
वारदात के दूसरे पांच थानों की पुलिस पूरे दिन हाईवे पर मुस्तैद रही। वारदात के दिन यही पुलिसवाले अन्य किसी थाने को एक अलर्ट तक नहीं भेज पाए।

स्पॉट-1: बछवारा थाना क्षेत्र का गोधना

दो को गोली मारी, एक की मौत
शाम करीब साढ़े 4 बजे। यहीं पहली वारदात हुई। बदमाशों ने भारत फाइनेंस के कर्मचारी विशाल कुमार (26) को गोली मार दी। विशाल अपना काम पूरा करने के बाद पैसा जमा करने के लिए दुलारपुर स्टेट बैंक के पीछे अपने कार्यालय जा रहे थे। इसी बीच बाइक सवार बदमाशों ने गोधना स्कूल के पास उन्हें गोली मार दी। इसके बाद गोधना ठाकुरबाड़ी के पास बरौनी फ्लैग निवासी चंदन कुमार को गोली लगी। चंदन ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

स्पॉट-2: तेघड़ा थाना क्षेत्र का पिढ़ौली
बदमाश पहले स्पॉट से आधा किलोमीटर दूर स्थित तेघड़ा थाना की सीमा पर पिढ़ौली चौक पहुंचे। तब शाम के करीब 4:40 बजे होंगे। यहां भी बदमाश फायरिंग करते हैं। पिढ़ौली निवासी बृजकिशोर पाठक के 30 वर्षीय पुत्र गौतम कुमार को गोली लगती है। गौतम यहां के संगीता गैस एजेंसी में काम करते हैं। वह एजेंसी से गैस सिलेंडर उतारकर लौटे ही थे कि बदमाशों की फायरिंग में उन्हें गोली लग जाती है। वे वहीं अचेत पड़ जाते हैं। इसके बाद बदमाश यहां से भी आराम से निकल जाते हैं।

स्पॉट-3: फुलवरिया थाना क्षेत्र का मोती चौक
बदमाश करीब 4:50 बजे दूसरे स्पॉट से 7 किलोमीटर दूर फुलवरिया थाना क्षेत्र के मोती चौक पहुंचे। यहां तेघड़ा अयोध्या चौक पर रघुनंदनपुर निवासी दीपक कुमार (28) को पीठ में गोली मार दी। वहीं, अयोध्या चौक पर ही समस्तीपुर जिले के दलसिंहसराय थाना क्षेत्र के ओरियामा गांव निवासी नीतीश कुमार और बरौनी फ्लैग निवासी अमरजीत को भी गोली मार दी। इसके बाद बदमाश फुलवारी से मुड़कर नेशनल हाईवे 31 की तरफ मुड़ गए।

एफसीआई थाने के मल्हीपुर चौक पर बदमाशों की फायरिंग के दौरान एक पान दुकान में भी गोलियों के निशान हैं। हालांकि इस दौरान कोई शख्स बुलेट के संपर्क में नहीं आया।
एफसीआई थाने के मल्हीपुर चौक पर बदमाशों की फायरिंग के दौरान एक पान दुकान में भी गोलियों के निशान हैं। हालांकि इस दौरान कोई शख्स बुलेट के संपर्क में नहीं आया।

स्पॉट-4: एफसीआई थाना क्षेत्र, मल्हीपुर चौक
तीसरे स्पॉट से 7 किलोमीटर दूर बदमाश मल्हीपुर चौक पहुंचे। इस समय 5 बजे रहे थे। पान की दुकान पर एक युवक ने बताया कि यहां सड़क किनारे तीन लोगों पर बदमाशों ने गोलियां चलाईं। आइसक्रीम बेचने वाले जीतू पासवान (25) को सबसे पहले गोली मारी गई। इसके बाद रंजीत कुमार (35) और ललीत कुमार (23) घायल हो गए।

पान की दुकान पर भी गोली चलाई गई, लेकिन गनीमत रही कि यह गोली किसी को नहीं लगी। दुकान पर बैठे युवक ने बताया कि तीन बाइक पर बदमाश सवार थे। हालांकि और जगहों पर प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि एक ही बाइक पर दो बदमाश थे, जो फायरिंग कर रहे थे।

इस स्थान पर एक व्यक्ति को गोली मार बदमाश आगे निकल गए।
इस स्थान पर एक व्यक्ति को गोली मार बदमाश आगे निकल गए।

स्पॉट-5: चकिया थाना क्षेत्र, थर्मल प्लांट
बदमाश चौथे स्पॉट से करीब 10 किलोमीटर दूर आगे पहुंचे। चकिया थाना क्षेत्र के थर्मल पावर प्लांट के पास भरत यादव (32) को गोली मार दी। आसपास के लोगों ने बताया कि वह थर्मल पावर प्लांट से काम कर साइकिल से कस्बा स्थित अपने घर जा रहे थे। यहां से 10 कदम आगे एनटीपीसी गेट पर बदमाश मोकामा निवासी प्रशांत कुमार (23) को गोली मार दी। प्रशांत भी अपने घर लौट रहे थे।

यहां पर नवीन कुमार यादव ने बताया कि करीब सवा 5 बजे की बात होगी, हम लोग खड़े होकर बात कर रहे थे, तभी एक बोलेरा आकर रुकी। उसमें से एक व्यक्ति उतरा और बताया कि आगे गोली मार दी। जब हम लोग भाग कर गए तो देखा कि भरत यादव जमीन पर छटपटा रहे थे। तब तक पता चला कि आगे भी किसी को गोली मारी गई है।

अब थानों का हाल जान लीजिए…

5 थानों से गुजरे हथियारबंद बदमाश, पुलिस अलर्ट तक नहीं भेज पाई
हथियारबंद बदमाश फायरिंग करते हुए पांच स्पॉट से बेखौफ गुजरे। खास बात यह है कि 30 KM की दूरी में सड़क किनारे ही बछवारा थाना, बरौनी थाना, जीरोमाइल थाना, एफसीआई थाना और चकिया थाना है। 40 मिनट तक बाइक सवार फायरिंग करते रहे और पुलिस का तालमेल देखिए कि वह आसपास के थानों को अलर्ट तक नहीं भेज पाई।

पुलिस बयान लेती रही और अपराधी सीमा पार करके निकल गए​​​​​​​
​​​​​​​
आसपास के लोगों के मुताबिक बदमाश बाइक पर सवार थे। बाइक ड्राइव कर रहा बदमाश काले रंग की हेलमेट पहने हुए था। जो बदमाश गोली चला रहा था, वह गमछे से मुंह बांधे हुए थे। उसके हाथ में पिस्टल थी। प्रशांत कुमार को गोली मारने के बाद बदमाश पटना की ओर निकल गए। जब एक के बाद एक घायल अस्पताल पहुंचने लगे तब जाकर पुलिस सक्रिय हुई। हालांकि ये सक्रियता भी सिर्फ बयान तक सिमट कर रह गई। क्योंकि पुलिस जब बयान ले रही थी, बदमाश बेगूसराय जिले की सीमा पार करके निकल गए।

वारदात में जान गंवाने वाले चंदन कुमार पावर ग्रिड में इंजीनियर थे। डेढ़ साल पहले ही उनकी शादी हुई थी। छह महीने की बेटी है।
वारदात में जान गंवाने वाले चंदन कुमार पावर ग्रिड में इंजीनियर थे। डेढ़ साल पहले ही उनकी शादी हुई थी। छह महीने की बेटी है।

चंदन की डेढ़ साल पहले शादी, 6 माह की बेटी
चंदन कुमार (32) बेगूसराय के बगरहा स्थित पावर ग्रिड में इंजीनियर थे। वह पंचायत समिति के सदस्य रह चुके हैं। डेढ़ साल पहले ही उनकी शादी हुई थी। छह महीने की बेटी है। गोली लगने की खबर सुनकर परिवार रोते-बिलखते मौके पर पहुंचा। गोद में बेटी को लिए पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल था।

दूसरे दिन चप्पे-चप्पे पर फोर्स
घटना के अगले दिन जब दैनिक भास्कर की टीम घटना वाली जगहों पर पहुंची तो देखा कि हाईवे के किनारे पांचों थानों की पुलिस मुस्तैद थी। जगह-जगह चेकिंग की जा रही थी। अगर पुलिस थाने के बाहर ही अलर्ट होती तो शायद इतनी बड़ी वारदात नहीं होती।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *