चंद्रयान-3 की सफलता के 3 दिन बाद पाकिस्तान की ओर से आया ये आधिकारिक बयान, ISRO के लिए कही ये बात

भारत के चंद्रयान-3 मिशन की सफलता पर पूरी दुनिया भारत के हौसले को सलाम कर रही है, लेकिन पाकिस्तान की ओर से अब तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रया नहीं आई थी। अब चांद पर लैंडिंग के तीसरे दिन पाकिस्तान ने भारत को बधाई दी है। पाकिस्तान ने भारत के चंद्रयान-3 मिशन की सफलता को “महान वैज्ञानिक उपलब्धि” बताते हुए भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) के वैज्ञानिकों की सराहना की है। पाकिस्तान के प्रमुख दैनिक समाचार पत्रों ने अमीर देशों की तुलना में कम बजट में इस उपलब्धि को हासिल करने के लिए भारत की तारीफ की।

पूर्व मंत्री फवाद चौधरी ने पहले भी की थी तारीफ

पाकिस्तान सरकार की ओर से भले ही पहली बार चंद्रयान मिशन की तारीफ की गई है, लेकिन पूर्व मंत्री फवाद चौधरी ने पहले ही चंद्रयान मिशन पर भारत की सराहना की थी। इसके अलावा पाकिस्तान के समाचार पत्र ने अपने संपादकीय में कहा, “भारत के अंतरिक्ष कार्यक्रम की सफलता की कुंजी शायद सरकार से लगातार मिलने वाला समर्थन है। इसके अलावा, इंजीनियरों और वैज्ञानिकों की गुणवत्ता और समर्पण भी, जिन्होंने इस कठिन मिशन को संभव बनाने में मदद की।” इसमें कहा गया है, “तुलनाएं वास्तव में घृणित हैं, लेकिन पाकिस्तान के पास भारत के अंतरिक्ष कार्यक्रम की सफलता से सीखने के लिए बहुत कुछ हो सकता है। पाकिस्तान का अंतरिक्ष कार्यक्रम भारत से पहले शुरू किया गया था, लेकिन उसे मामूली सफलता मिली।” समाचार पत्र ‘एक्सप्रेस ट्रिब्यून’ ने ‘इंडियाज लूनर लॉरेल’ शीर्षक से प्रकाशित संपादकीय में कहा कि भारत की महत्वाकांक्षी उड़ान ने वास्तव में कुछ ऐसा हासिल किया है, जिसे पाने में अमेरिका, सोवियत-संघ और चीन के अंतरिक्ष कार्यक्रम विफल रहे। पूर्व सूचना मंत्री फवाद चौधरी ने भी भारत की इस उपलब्धि की सराहना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *